Wednesday, October 3, 2018

आज की पांच बड़ी ख़बरें: एक मुस्लिम परिवार के 13 लोगों ने अपनाया हिंदू धर्म

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक मुस्लिम परिवार के 13 लोगों ने हिंदू धर्म अपना लिया है.
यह बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य की हत्या के मामले में पुलिस के रवैये से परेशान होकर अन्य सदस्यों ने यह कदम उठाया है.
इस संबंध ने परिवार के लोगों ने ज़िले के एसडीएम को शपथ पत्र भी सौंपे हैं. बागपत के जिलाधिकारी ऋषिरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि की है और पुलिस को हत्या के मामले में जांच के निर्देश दिए हैं.
स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने अपने आंदोलन को ख़त्म करने की घोषणा कर दी है.
मंगलवार देर रात उन्हें दिल्ली के किसान घाट जाने की इजाज़त दी गई, जहां पहुंच कर उन्होंने आंदोलन ख़त्म करने की बात कही.
भारतीय किसान यूनियन से सरकार की हुई बातचीत में उनकी कई मांगें मान ली गईं तो कई पर सहमति नहीं बन पाई.
यूनियन के अध्यक्ष राकेश सिंह टिकैत ने कहा कि सरकार की मंशा किसानों की बात मानने की नहीं है. टिकैत ने कहा कि सरकार से साथ वार्ता नाकाम रही.
महाराष्ट्र में प्रकाश आंबेडकर और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने हाथ मिलाया है. गांधी जयंती के मौके पर मराठवाड़ा इलाक़े के औरंगाबाद में दोनों ने मिलकर साझा रैली भी की.
माना जा रहा है कि दलित और मुस्लिम वोटों को एक साथ लाने के लिए ऐसा किया गया है.
प्रकाश आंबेडकर बहुजन रिपब्लिकन पार्टी के मुखिया हैं और असदुद्दीन ओवैसी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख हैं.
बिहार की राजधानी पटना में गंगा स्नान करने गई एक महिला के साथ पहले कथित रूप से दुष्कर्म किया गया फिर उस घटना का वीडियो बना कर उसे वायरल किया गया.
महिला अपने बच्चों के लिए किए जाने वाले व्रत जिउतिया कर रही थी और उपवास पर थी. वीडियो में दिख रहा है कि वो अभियुक्त से गुहार लगा रही हैं, पर वो नहीं माना.
वीडियो वायरल होने के बाद अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है.यूयॉर्क के कर अधिकारियों का कहना है कि वो अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ जांच कर रहे हैं. डोनल्ड ट्रंप पर आरोप हैं कि उन्होंने साल 1990 में अपने परिवार को लाखों डॉलर की कर चोरी करने में मदद की.
ये दावा न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में किया गया है. रिपोर्ट में आरोप लगाए गए है कि डोनल्ड ट्रंप के मां-बाप ने उन्हें और उनके भाई-बहनों को लाखों डॉलर दिए थे, जिसपर उन्होंने कर नहीं दिया.
हालांकि उस रिपोर्ट पर अबतक व्हाइट हाउस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन ट्रंप के वकील का कहना है कि राष्ट्रपति ने कुछ भी ग़लत नहीं किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को ज़ोर देकर कहा कि राम मंदिर किसी भी क़ीमत पर बनकर रहेगा.
टाइम्स ऑफ इंडिया की ख़बर के मुताबिक भागवत ने कहा कि विपक्ष भी राम मंदिर का खुलकर विरोध नहीं करेगा.
साधु स्वाध्याय संगम को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि सरकार की भी अपनी सीमाएं होती हैं. साधु-संत ऐसी सीमाओं से परे हैं और उन्हें धर्म, देश और समाज के उत्थान के लिए काम करना चाहिए.
इस मौके पर योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि जहां मंत्री और अमीर लोग अक्सर विफल हो जाते हैं, वहां साधु सफल होते हैं.
एक साल से खाली हैं लॉ ऑफिसर के पांच पद
केंद्र सरकार में सीनियर लॉ ऑफिसर्स के पांच पद पिछले एक साल से रिक्त पड़े हुए हैं.
दैनिक भास्कर की ख़बर के मुताबिक देश की सर्वोच्च अदालत में 15 हज़ार से अधिक केस पेंडिंग हैं और पिछले साल 20 अक्तूबर को रंजीत कुमार के इस्तीफ़े के बाद से सॉलिसिटर जनरल तक के पद खाली पड़े हैं.
दिल्ली के महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में डिप्थीरिया से बच्चों की मौत दवाइयों की कमी से ही हुई थी.
इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक एडिशनल कमिशनर के नेतृत्व में बनी समिति ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट में यह बात कही है.
यह भी कहा गया है कि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एस के गुप्ता ने मामले की जानकारी किसी भी सीनियर को नहीं दी थी.
अगर ऐसा किया गया होता तो बच्चों की जान बचाई जा सकती थी.
पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह जल्द स्वदेश नहीं लौटते हैं तो उन्हें 'खींच' कर लाया जाएगा.
अमर उजाला की ख़बर के मुताबिक चीफ़ जस्टिस साकिब निसार ने कहा, "अगर मुशर्रफ स्वेच्छा से लौटते हैं तो उन्हें सम्मान दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होता तो उन्हें वापस लाने का ऐसा तरीका अपनाया जाएगा, जो अपमानजनक होगा."
75 साल के मुशर्रफ़ पर 2007 में संविधान को निलंबित करने के आरोप में राजद्रोह का मुकदमा चल रहा है. पाकिस्तान के पूर्व सैन्य प्रमुख 2016 में इलाज के लिए दुबई गए थे, तब से वापस नहीं लौटे हैं.
चीफ़ जस्टिस ने कहा कि मुशर्रफ़ खुद को जांबाज कमांडो कहते हैं, तो उन्हें कुछ हिम्मत दिखानी चाहिए. क्यों जांबाज कमांडो को देश लौटने में डर लग रहा है.'
कोलकाता के नागेर बाज़ार इलाके में मंगलवार को विस्फ़ोट हुआ, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई और 9 लोग घायल हैं.
द हिंदू अख़बार के मुताबिक जिस इमारत के सामने यह विस्फ़ोट हुआ है वह दक्षिण दमदम नगर निगम के महापौर और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता पंचू रॉय का दफ़्तर है.
पंचू रॉय ने दावा किया है कि उन्हें जान से मारने की साजिश के तहत यह धमाका किया गया है.
वहीं टीएमसी के एक स्थानीय विधायक ने दावा किया है कि इस बम धमाके के पीछे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का हाथ है. हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.

No comments:

Post a Comment